@ जामनगर गुजरात :-
भारतीय रक्षा बलों और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्षिक संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास (AJHE-26) ‘एक्सरसाइज सहायता सेतु’ का शुभारंभ एयर फोर्स स्टेशन जामनगर में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी के साथ हुआ।यह एक्सरसाइज़ 17-19 नवंबर 2026 तक हो रही है।

इस संगोष्ठी में भारतीय थल सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO), राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), INCOIS, ISRO तथा NDRF और SDRF के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा मित्र विदेशी देशों (FFCs) के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
संगोष्ठी के दौरान भारत की बढ़ती मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) क्षमता, पूर्व में संचालित राहत अभियानों से मिले अनुभवों, आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा संयुक्त परिचालन क्षमताओं को विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही क्वाड (QUAD) HADR वर्किंग ग्रुप की बैठक भी आयोजित की गई।
दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल पीवी शिवानंद ने मुख्य संबोधन दिया। उन्होंने आपदा की परिस्थितियों में एकीकृत योजना, संयुक्त क्षमता विकास और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह अभ्यास अंतरराष्ट्रीय सहयोग, संयुक्त तैयारी और आपदा के समय प्रभावी एवं त्वरित राहत अभियान संचालित करने की सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


