कैंसर की दवाएं होंगी सस्ती, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, जारी हेल्पलाइन नंबर

@ नई दिल्ली :-

कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं अब मरीजों को पहले के मुकाबले काफी सस्ती मिलेंगी। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 कैंसर-रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ट्रेड मार्जिन की सीमा निर्धारित की है। इसके तहत 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतें 9 नवंबर, 2026 से लागू हो गई हैं। कीमतों में इस कटौती से उपभोक्ताओं को सालाना लगभग 3,540.38 करोड़ रुपए की बचत होने का अनुमान है।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग के अंतर्गत आने वाले NPPA ने यह निर्णय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से 17 अक्टूबर, 2026 को गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया है। समिति ने कैंसर-रोधी दवाओं की कीमतों को अधिक किफायती बनाने के लिए ट्रेड मार्जिन पर सीमा निर्धारित करने की सिफारिश की थी।

NPPA के मुताबिक, 8 नवंबर, 2026 तक 85 फार्मास्युटिकल कंपनियों ने 121 दवाओं से संबंधित 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित एमआरपी की जानकारी उपलब्ध करा दी थी। इनमें से 679 ब्रांड की कीमतों में 50% से अधिक की कमी दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम खुदरा मूल्य में सबसे ज्यादा 96.45% तक की कटौती हुई है। कीमतों में इस बड़ी कमी से कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के खर्च में महत्वपूर्ण राहत मिलने की उम्मीद है।

उपभोक्ता दवाओं के पैक पर छपी संशोधित एमआरपी देखकर नई कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in के माध्यम से भी दवाओं की कीमतों की पुष्टि की जा सकती है।

NPPA ने स्पष्ट किया है कि कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी संशोधित एमआरपी से अधिक कीमत पर संबंधित दवाएं नहीं बेच सकती। यदि किसी उपभोक्ता से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूली जाती है या दवाओं की कीमतों को लेकर कोई अन्य शिकायत है, तो वह ‘फार्मा जन समाधान’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा NPPA की हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...