@ नई दिल्ली :-
2030 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों को लेकर आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत की तैयारियों की सराहना की है। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकरे ने कहा कि भारत में तैयारियों का स्तर, खेल स्थलों की गुणवत्ता और सरकार का सहयोग काफी प्रभावशाली है।

उनके साथ सीईओ केटी सैडलियर और अन्य अधिकारी भी भारत दौरे पर आए। इस टीम ने 8 से 10 अप्रैल के बीच अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा और एकता नगर का दौरा किया।
इस दौरान महात्मा मंदिर, वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नरेंद्र मोदी स्टेडियम और आईआईटी गांधीनगर जैसे प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया गया।
डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद की योजना महत्वाकांक्षी और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन चर्चाओं से भारत की क्षमता पर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय खेल संगठनों, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की।
कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन (भारत) की अध्यक्ष पी. टी.उषा ने कहा कि भारत 2030 में एक ऐतिहासिक और खिलाड़ियों पर केंद्रित खेल आयोजन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सहयोगियों के साथ मिलकर भारत एक विश्वस्तरीय कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित करेगा।
