कोटद्वार राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में आपदा प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित

@ कमल उनियाल उत्तराखंड :-

राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में 26 नवम्बर 2026 को आपदा प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम द्वारा विद्यार्थियों को आपदा के समय बचाव एवं प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

कार्यशाला में SDRF की ओर से हेड कांस्टेबल आशीष रावत, कांस्टेबल बृजेश चन्द्र, पैरामेडिक्स अनूप रावत तथा चालक विमल रावत उपस्थित रहे। SDRF टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार (First Aid), सीपीआर (CPR), आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की सहायता करने तथा दुर्घटना एवं आपदा के समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक जानकारी देकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरिश्चंद्र ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। आपातकालीन परिस्थितियों में सही समय पर उठाया गया उचित कदम किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को व्यवहार में लाने तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय सजग, सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...