@ कोटद्वार उत्तराखंड :-
राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड की जनगणना प्रमुख सु इवा आशीष वास्तव के वीडियो संदेश के प्रसारण से हुआ। इसके पश्चात देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। इन संदेशों के माध्यम से जनगणना की राष्ट्रीय महत्ता तथा इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यशाला में जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर सुनील सिंह पंवार ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने स्व-गणना की विभिन्न चरणबद्ध प्रक्रियाओं, आवश्यक जानकारियों तथा ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी गणना संबंधी विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उनके प्रस्तुतीकरण ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्व-गणना की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरीश चंद्र ने अपने संबोधन में स्व-गणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं, नीतियों एवं संसाधनों के उचित नियोजन का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि सटीक एवं विश्वसनीय जनगणना के माध्यम से ही राष्ट्र की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कर विकास की दिशा निर्धारित की जा सकती है। उन्होंने स्व-गणना को राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प की दिशा में नागरिकों की महत्वपूर्ण सहभागिता बताया तथा सभी से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जनगणना कार्य हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी डॉ. हरिओम शरण बहुगुणा द्वारा किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं प्रभावी रूप में सभी तक पहुंचाना रहा।
