कश्मीर में सर्दी का सितम तेज, श्रीनगर में सीजन का सबसे कम तापमान माइनस 1.9 डिग्री दर्ज

@ श्रीनगर जम्मू और कश्मीर :-

जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को घाटी के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी श्रीनगर में पारा गिरकर माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो मौजूदा सर्दियों के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह घाटी के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में आगामी 3 दिसंबर तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। रात के समय आसमान साफ रहने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

घाटी के साथ जम्मू संभाग में भी रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा कटरा में 10.2 डिग्री, बटोटे में 10.6 डिग्री, बनिहाल में 8.9 डिग्री और भद्रवाह में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बढ़ती ठंड के बीच कश्मीर में पारंपरिक पहनावा फेरन एक बार फिर लोगों की पहली पसंद बन रहा है। स्थानीय लोग ठंड से बचने के लिए ऊनी फेरन का इस्तेमाल कर रहे हैं। बदलते समय के साथ इसके डिजाइन और सिलाई में भी बदलाव किए गए हैं, ताकि लोग इसे कार्यालयों और अन्य औपचारिक जगहों पर भी आसानी से पहन सकें।

बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियों को लेकर भी तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अवकाश का निर्णय मौसम की स्थिति और ठंड की तीव्रता को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। शुरुआती चरण में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को छुट्टी दिए जाने की संभावना है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घाटी में सब्जियों, मटन, चिकन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। खाना पकाने के लिए एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति भी अधिकृत केंद्रों के माध्यम से जारी है। सर्दियों के दौरान संभावित कठिन परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...