लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की सुरक्षा चाक-चौबंद, 20 हजार जवान तैनात

@ नई दिल्ली :-

स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर लाल किले में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लाल किले और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है। डीसीपी नॉर्थ राजा बाठियां ने बताया कि किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा और रिस्पॉन्स प्लान तैयार किया गया है।

डीसीपी ने बताया कि 13 अगस्त को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक परीक्षण किया गया। इस दौरान 15 अगस्त के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा इंतजामों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परखा गया। संभावित चुनौतियों की पहचान कर उनके लिए आवश्यक रिस्पॉन्स प्लान भी तैयार किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले पूरे जिले में पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-टेरर चेकिंग बढ़ाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

डीसीपी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा व्यवस्था में करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें जिला पुलिस, सिक्योरिटी, ट्रैफिक पुलिस, स्पेशल ब्रांच, स्पेशल सेल, पैरामिलिट्री फोर्स, एनएसजी और केंद्र सरकार की अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान शामिल होंगे। सभी एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर सुरक्षा जिम्मेदारियां संभालेंगी।

लाल किले के अलावा यमुना खादर क्षेत्र में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां माउंटेड पुलिस के जरिए गश्त की जा रही है, जबकि यमुना नदी में नावों से लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। खादर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

पुलिस जमीन, नदी और आसपास के इलाकों से बहुस्तरीय निगरानी कर रही है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...