महाराष्ट्र में बीजेपी का होगा सीएम, शिवसेना और एनसीपी के खाते में डिप्टी सीएम का पद

@ मुंबई महाराष्ट्र :

महाराष्ट्र में अगला सीएम कौन होगा? इस पर लंबे समय से बरकरार सस्पेंस अब खत्म हो गया है। NCP नेता अजित पवार ने महाराष्ट्र में सरकार गठन की तस्वीर साफ कर दी है, अजित ने कहा कि सूबे में मुख्यमंत्री, भारतीय जनता पार्टी का होगा, जबकि शिवसेना और NCP के खाते में डिप्टी सीएम का पद जाएगा।

उन्होंने कहा कि बैठक (महायुति नेताओं की दिल्ली मीटिंग) के दौरान यह फैसला लिया गया है कि महायुति BJP के सीएम के साथ सरकार बनाएगी और शेष दो दलों यानी NCP और शिवसेना के डिप्टी सीएम होंगे। ये पहली बार नहीं है जब फैसले में देरी हुई है। अगर आपको याद हो, 1999 में सरकार गठन में एक महीने का समय लगा था।

महायुति में भारतीय जनता पार्टी (BJP), एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल हैं, जिसने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज की। 132 सीटें जीतकर BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि शिवसेना ने 57 और NCP ने 41 सीटें जीतीं।

यह पूछे जाने पर कि राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, अजित पवार ने कहा कि राज्य में BJP से एक मुख्यमंत्री और महायुति के अन्य दो दलों से दो उप मुख्यमंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को होगा। हमने एक मजबूत दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है।

5 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह

महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार शाम को घोषणा की कि नई महायुति सरकार 5 दिसंबर की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेगी। हालांकि अभी तक इस बात का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री कौन होगा, लेकिन BJP सूत्रों ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस का नाम सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहा है।

ऐसे हो सकता है मंत्री पद का बंटवारा

सरकार में विभागों के बंटवारे में प्रत्येक सहयोगी दल की हिस्सेदारी तय करने के लिए छह विधायकों पर एक मंत्री पद के फॉर्मूले पर विचार किया जाएगा। इसके अनुसार, BJP के पास करीब 21 से 22 मंत्री पद, शिवसेना शिंदे गुट को 10 से 12 मंत्रालय और अजित पवार NCP गुट को करीब 8 से 9 मंत्रालय मिलेंगे। महाराष्ट्र में मंत्री पद का कुल कोटा मुख्यमंत्री पद सहित 43 से अधिक नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...