@ मुंबई महाराष्ट्र :-
लगातार हो रही भारी बारिश ने मुंबई और आसपास के इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कर्जत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन होने से मुंबई-पुणे रेल मार्ग बाधित हो गया है। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) स्वप्निल नीला ने बताया कि लगातार बारिश के कारण इस मार्ग के तीनों रेल ट्रैक प्रभावित हुए हैं। हालांकि, घटना में किसी यात्री या ट्रेन को नुकसान नहीं पहुंचा है।

रेलवे ने एहतियात के तौर पर मुंबई से पुणे जाने वाली करीब 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 9 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। कुछ लोकल और मेमू सेवाओं के संचालन में भी बदलाव किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की ताजा जानकारी जरूर जांच लें और केवल आवश्यक होने पर ही सफर करें।
इस बीच, सुनेत्रा पवार ने भी यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट-टर्मिनेट किया है।
उधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने निजी कार्यालयों के कर्मचारियों को घर से काम करने तथा आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की है।
