@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने हेतु लगातार संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी क्रम में मुरैना के थाना अम्बाह पुलिस ने तत्परता, सक्रियता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कोचिंग संचालक के बैग से रास्ते में गुम हुई 06 लाख रुपये की राशि को बरामद कर सुरक्षित रूप से फरियादी के सुपुर्द किया है। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

19 मई को फरियादी योगेंद्र सिंह तोमर निवासी चंबल कॉलोनी अम्बाह द्वारा थाना अम्बाह में उपस्थित होकर सूचना दी गई कि वह दोपहर लगभग 1:38 बजे अपने पुत्र के साथ बाइक से सेंट्रल बैंक में 06 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। बाइक पर उनका पुत्र रुपयों से भरा बैग टांगे बैठा था। पेट्रोल पंप के पास बैग की चेन खुल जाने से रुपयों का बंडल सड़क पर गिर गया, जिसे पीछे से आ रहे एक बाइक सवार युवक द्वारा उठाकर ले जाया गया।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में थाना प्रभारी अम्बाह निरीक्षक वीरेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस द्वारा लगातार की गई मेहनत, सूझबूझ एवं तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप घटना के मात्र 07 दिवस के भीतर बाइक सवार युवक की पहचान कर उससे 06 लाख रुपये की संपूर्ण राशि बरामद कर ली गई।
बरामद राशि को सुरक्षित रूप से फरियादी योगेंद्र सिंह तोमर को सुपुर्द किया गया। अपनी गुम हुई राशि वापस मिलने पर फरियादी एवं उनके परिजनों द्वारा मुरैना पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।
मध्यप्रदेश पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
