नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी श्रीलंका की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर

@ नई दिल्ली :-

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी 22 से 25 सितंबर 2025 तक श्रीलंका की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान, नौसेना प्रमुख श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या और वाइस एडमिरल कंचना बनगोडा से मुलाकात करेंगे और तीनों सेनाओं के प्रमुखों तथा अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ रक्षा सहयोग के व्यापक मुद्दों पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे, जिसमें समुद्री सुरक्षा, क्षमता संवर्धन, प्रशिक्षण और सहयोग को मज़बूत करने के अवसरों की पहचान पर ज़ोर दिया जाएगा।

वह कोलंबो में ‘बदलती गतिशीलता के तहत हिंद महासागर का समुद्री परिदृश्य’ विषय पर आयोजित होने वाले 12वें गैले डायलॉग 2025 – अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

भारतीय नौसेना वार्षिक रक्षा वार्ता, स्टाफ वार्ता और अन्य परिचालनात्मक बातचीत के माध्यम से श्रीलंकाई नौसेना के साथ नियमित रूप से संपर्क करती है, जिसमें श्रीलंका-भारत नौसेना अभ्यास (SLINEX), जलमार्ग अभ्यास, प्रशिक्षण और हाइड्रोग्राफी आदान-प्रदान शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, दोनों नौसेनाएँ नियमित रूप से बहुपक्षीय कार्यक्रमों जैसे हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी, गाले वार्ता, मिलन, गोवा समुद्री सम्मेलन/संगोष्ठी, कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेती हैं।

श्रीलंका में नौसेना प्रमुख की बैठकें मैत्री के बंधनों को गहरा करने और ‘महासागर’ के दृष्टिकोण के अनुरूप साझा रणनीतिक और समुद्री हितों के प्रमुख क्षेत्रों में बेहतर समझ का मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से आयोजित की गई हैं।

यह यात्रा समय की कसौटी पर खरे उतरे भारत-श्रीलंका संबंधों की पुष्टि करती है, जो पारस्परिक सम्मान, समुद्री विश्वास और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के लिए एक साझा दृष्टिकोण पर आधारित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...