@ कमल उनियाल उत्तराखंड :-
भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की नमामि गंगे टीम ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय खुनडोली में आयोजित की चित्रकला प्रतियोगिता । 19 जनवरी, 2026 को राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र खुनडोली के प्रांगण में रंगों और कूचियों के माध्यम से गंगा की स्वच्छता का संदेश फैलाया गया। भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल की “नमामि गंगे” कार्यक्रम इकाई द्वारा यहाँ एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “स्वच्छ एवं निर्मल गंगा” रखा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. एल. आर. राजवंशी के उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए नमामि गंगे कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गंगा नदी हमारी सनातन संस्कृति और सभ्यता की धारा है तथा इसकी स्वच्छता और निर्मलता सुनिश्चित करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे इस अभियान के प्रति केवल जागरूक ही न बनें, बल्कि स्वयं सहभागी बनें और समाज में भी इसका प्रसार करें।
इसके पश्चात, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री वरुण कुमार के नेतृत्व में नमामि गंगे टीम ने प्राथमिक विद्यालय खुनडोली पहुँचकर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया ,विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों को नमामि गंगे कार्यक्रम से परिचित कराया। उन्होंने सरल भाषा में समझाया कि गंगा को स्वच्छ रखना क्यों आवश्यक है, प्रदूषण का गंगा के जल-जीवन और पर्यावरण पर क्या प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा हम घर-घर जाकर इस मिशन में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने चित्रों के माध्यम से गंगा मैया की महिमा और उनकी स्वच्छता के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त करें।

प्रतियोगिता में विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से कागज पर गंगा की पवित्रता, उसके तटों की सुंदरता, जल में तैरती डॉल्फिन, घाटों के दृश्य और स्वच्छता के संदेश को अद्भुत ढंग से प्रस्तुत किया। हर चित्र बच्चों की गंगा के प्रति श्रद्धा और उसे साफ-सुथरा देखने की चाहत को दर्शा रहा था।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक अध्यापिका विनीता, शिक्षकगण, आंगनवाड़ी शिक्षिका हेमन्ती नेगी, शेफाली नेगी , श्री नंदकिशोर लिपिक बी आर सी, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ वी के सैनी , डॉ प्रीति रावत, डॉ विनीता देवी, डॉ मोहम्मद शहजाद, डॉ शुऐब अजीम अंसारी, हिमानी प्रयोगशाला सहायक, एवं महाविद्यालय की छात्र-छात्राएँ साक्षी, कुमकुम ,तनु नवनीत,अदीप,सोनम,आयशा,शालिनी आदि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को पेंसिल, कॉपी, क्रेयॉन जैसे प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई।
