@ नई दिल्ली :-
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान कर रही देश की पहली नमो भारत ट्रेन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की कुल संख्या 5 करोड़ कम्यूटर जर्नी के पार पहुंच गई है। खास बात यह है कि यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। कॉरिडोर पर आखिरी 1 करोड़ कम्यूटर जर्नी महज 93 दिनों में दर्ज की गईं। यह उपलब्धि दर्शाती है कि नमो भारत अब क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए आवागमन का एक भरोसेमंद और सुविधाजनक साधन बनती जा रही है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड से हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे कॉरिडोर का विस्तार हुआ और यात्रियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई।
परिचालन शुरू होने के 574 दिनों बाद 16 मई 2025 को पहली बार एक करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार हुआ था। इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को 211 दिनों में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पूरा हुआ। वहीं, 2 मई 2026 को 143 दिनों में तीन करोड़ और 10 अगस्त 2026 को महज 101 दिनों में चार करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। अब 10 नवंबर 2026 को पांच करोड़ का आंकड़ा पार हो गया। इस बार केवल 93 दिनों में एक करोड़ नई कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं।

पिछले कुछ महीनों के आंकड़े भी नमो भारत की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं। अगस्त 2026 में कॉरिडोर पर 35.25 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं और औसत दैनिक राइडरशिप 1,13,708 रही। 28 अगस्त को 1,68,666 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है। सितंबर में लगभग 32.41 लाख और अक्टूबर में 33.49 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। लगातार तीन महीनों तक 32 लाख से अधिक यात्रियों का सफर करना इस बात का संकेत है कि नमो भारत लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन रही है।
दरअसल, 22 फरवरी 2026 को संपूर्ण नमो भारत कॉरिडोर के साथ मेरठ मेट्रो का परिचालन भी यात्रियों के लिए शुरू किया गया था। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं के साथ बेहतर इंटरचेंज सुविधा यात्रियों को निर्बाध यात्रा का विकल्प प्रदान कर रही है।
नमो भारत की लोकप्रियता के पीछे तेज रफ्तार, वातानुकूलित कोच, विश्वसनीय परिचालन और बेहतर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रमुख वजहें हैं। सड़क मार्ग पर जाम और खराब मौसम के दौरान भी यह यात्रियों को सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराती है। नौकरी, शिक्षा, कारोबार और अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को इससे विशेष लाभ मिल रहा है।
इस कॉरिडोर की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। भुवनेश्वर में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 में नमो भारत कॉरिडोर को ‘बेस्ट कम्यूटर सर्विसेज एंड सैटिस्फैक्शन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने एनसीआरटीसी को यह पुरस्कार प्रदान किया।
प्रधानमंत्री भी नमो भारत परियोजना की सराहना कर चुके हैं। उन्होंने इसे सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति और 99 प्रतिशत से अधिक समयबद्धता की प्रशंसा की है।
5 करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार करना केवल यात्रियों की बढ़ती संख्या का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि आधुनिक और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण भी है। लगातार कम होते समय में नए यात्री माइलस्टोन हासिल करना बताता है कि नमो भारत दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय परिवहन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रही है।
