ऑफिसर कप में IRS कस्टम XI का दबदबा, जज XI को 30 रन से हराया

@ नई दिल्ली :-

ग्यारहवीं यमुना ट्रॉफी 2026 (ऑफिसर कप) के लीग मुकाबले में IRS कस्टम XI ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जज XI को 30 रन से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। यह मुकाबला राष्ट्रपति भवन कर्नल सिंह स्टेडियम एवं CWG क्रिकेट ग्राउंड, अक्षरधाम में खेला गया।

मैच से पूर्व टॉस की प्रक्रिया दिव्यांशु द्वारा कराई गई, जिसमें IRS कस्टम XI के कप्तान संजय लावन्य और जज XI के कप्तान धीरेंद्र राणा आमने-सामने रहे। टॉस जीतकर जज XI ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए IRS कस्टम XI ने संगठित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जज XI की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई और पूरी टीम 19.3 ओवर में 137 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह IRS कस्टम XI ने मुकाबला 30 रन से अपने नाम कर लिया।

कुलदीप जाखड़ बने मैन ऑफ द मैच

मैच में कुलदीप जाखड़ का ऑलराउंड प्रदर्शन देखने को मिला, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 35 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 3 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

वहीं गेंदबाजी विभाग में मनदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके और जज XI की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

क्वार्टर फाइनल की तस्वीर लगभग साफ

यमुना ट्रॉफी के आयोजक राजीव निशाना ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक राष्ट्रपति भवन, रेलवे, डॉक्टर, IRS कस्टम, रक्षक XI और मिनिस्ट्री ऑफ माइंस की टीमें क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि यमुना ट्रॉफी का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अमावस्या फाउंडेशन एवं इंडियन मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...