@ लेह लद्दाख :-
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 24वीं बटालियन ने पूर्वी लद्दाख स्थित पैंगोंग झील के किनारे लुकुंग पोस्ट पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया। समुद्र तल से हजारों फीट की ऊंचाई पर आयोजित इस कार्यक्रम में आईटीबीपी के हिमवीरों, भारतीय सेना के जवानों, स्थानीय ग्रामीणों तथा महाबोधि इंस्टीट्यूट के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग सत्र का उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग के माध्यम से संतुलित और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास किए। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के लिए योग तनाव प्रबंधन, मानसिक दृढ़ता और शारीरिक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पैंगोंग झील की मनमोहक प्राकृतिक पृष्ठभूमि में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, सामंजस्य और सामुदायिक एकता का संदेश दिया। आईटीबीपी ने इस अवसर पर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

