@ नई दिल्ली :-
देश की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले गांधी परिवार में एक बार फिर खुशियों का माहौल बनने जा रहा है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा जल्द ही वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं। रेहान की लंबे समय से दोस्त रहीं अवीवा बेग के साथ सगाई संपन्न हो चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, रेहान वाड्रा और अवीवा बेग पिछले करीब सात वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और आपसी समझ व भरोसे के साथ इस रिश्ते को आगे बढ़ा रहे थे। हाल ही में रेहान ने अवीवा को शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे दोनों परिवारों की सहमति मिलने के बाद औपचारिक रूप दे दिया गया। परिवारों की रज़ामंदी के बाद सगाई का आयोजन किया गया।
यह सगाई समारोह पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य और चुनिंदा करीबी लोग ही शामिल हुए। न तो गांधी परिवार और न ही वाड्रा परिवार की ओर से इस सगाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
फिलहाल रेहान और अवीवा की शादी की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही विवाह की तिथि भी घोषित की जा सकती है। जानकारी के मुताबिक, अवीवा बेग का परिवार दिल्ली का निवासी है।
राजनीतिक गलियारों से इतर, गांधी परिवार की इस निजी खुशी की खबर ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा है, और आने वाले दिनों में इस शादी को लेकर चर्चाएं और तेज़ होने की संभावना है।
