पर्यटन मंत्रालय ने आईटीबी बर्लिन 2025 में भाग लिया

@ नई दिल्ली :-

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने 4 से 6 मार्च तक मेस्से बर्लिन में आयोजित आईटीबी बर्लिन 2025 में भाग लिया। आईटीबी बर्लिन (इंटरनेशनेल टूरिज्म–बोर्से बर्लिन) टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंसियों, होटल व्यवसायियों, परिवहन कंपनियों, गंतव्यों और तकनीकी कंपनियों सहित वैश्विक उद्योग के लिए एक प्रमुख बैठक स्थल है। यह अद्वितीय नेटवर्किंग अवसर प्रदान करता है, साझेदारी और सहयोग की सुविधा प्रदान करता है जो व्यवसायों को बढ़ने और नए बाजारों में विस्तार करने में मदद करता है।

भारत मंडप का उद्घाटन जर्मनी के संघीय गणराज्य में भारत के राजदूत महामहिम अजीत गुप्ते ने आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कंडुला दुर्गेश और मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी की उपस्थिति में किया।

भारत में पर्यटन के लिए आने वाले शीर्ष दस देशों में जर्मनी भी है वर्ष 2023 में 0.20 मिलियन जर्मन भारत घूमने आए थे। आंध्र प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, राजस्थान, गोवा, मध्य प्रदेश, केरल सहित अन्य राज्यों की सरकारों ने आईटीबी में भाग लेकर वैश्विक बाजार के लिए अपने नए गंतव्यों और उत्पादों का प्रदर्शन किया।

पर्यटन मंत्रालय की ओर से भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन उत्पादों तथा यथार्थ अनुभवों की विशाल श्रृंखला को प्रदर्शित करने के लिए भारतीय पर्यटन उद्योग से लगभग 40 हितधारकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस बैठक में भागीदारी की। यह पहल भारत के रणनीतिक लक्ष्य के अनुरूप है, जिसमें भारत में पर्यटन को बढ़ावा देना और देश को 365 दिनों के लिए एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना शामिल है। आईटीबी बर्लिन में पर्यटन मंत्रालय की भागीदारी निजी क्षेत्र के हितधारकों को अपने समकक्षों के साथ फिर से जुड़ने और व्यावसायिक संबंध स्थापित करने तथा नए यात्रा कार्यक्रमों और इमर्सिव अनुभवों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

आईटीबी 2025 में भारत मंडप ने भारत की संस्कृति, भाषाओं और परंपराओं की समृद्ध व विधता को प्रदर्शित किया, जिनमें से प्रत्येक ने इसके समृद्ध पर्यटन परिदृश्य में योगदान दिया है, यहां आध्यात्मिक और स्वास्थ्य, विवाह, साहसिक और पारिस्थितिकी पर्यटन और स्वादिष्ट भोजन जैसे विशिष्ट पर्यटन अनुभवों की श्रृंखला भी प्रदर्शित की गई। मंडप की विषयवस्तु का केंद्र बिंदु सतत पर्यटन था। भारत मंडप में सह प्रदर्शक के रूप में में ट्रैवल एजेंट, आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ के राज्य पर्यटन विभाग, आईआरसीटीसी और अन्य पर्यटन सेवा प्रदाता शामिल थे।

हाल ही में, चलो इंडिया पहल के तहत भारत की यात्रा करने वाले विदेशियों के लिए निःशुल्क पर्यटक वीज़ा की घोषणा की गई, जो 31 मार्च 2025 तक वैध है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीयों को अपने गैर–भारतीय मित्रों के बीच भारत का प्रचार करने के लिए चलो इंडिया पहल की शुरुआत की थी। इस पहल के हिस्से के रूप में, प्रवासी भारतीय अपने गैर–भारतीय मित्रों को अतुल्य भारत की भव्यता से रुबरु कराने के लिए निःशुल्क पर्यटक वीज़ा पर देश की यात्रा करने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं।

हाल ही में अतुल्य भारत कंटेंट हब के साथ–साथ एक नया अतुल्य भारत डिजिटल पोर्टल   www.incredibelindia.gov.in भी लॉन्च किया गया है। अतुल्य भारत कंटेंट हब विभिन्न प्रकार के हितधारकों और यात्रियों के उपयोग के लिए एक व्यापक डिजिटल संग्रह है। अतुल्य भारत डिजिटल पोर्टल एक पर्यटक–केंद्रित वन स्टॉप डिजिटल समाधान है, जिसे भारत आने वाले आगंतुकों के लिए यात्रा के अनुभव को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

दुनिया के सबसे विशाल और अद्भुत धार्मिक समागमों में से एक महाकुंभ का हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समापन हुआ। लगभग 44 दिनों तक चले इस पवित्र आयोजन ने वैश्विक आध्यात्मिक गंतव्य के रूप में भारत की प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित किया।

आईटीबी बर्लिन के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें: – https://www.itb.com/en/itb-berlin-for-visitors/itb-convention/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...