@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड :-
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र अंतर्गत गुवासाई गांव के सामुदायिक भवन में झारखण्ड प्रदेश यूथ इंटक द्वारा स्वागत सह मिलन समारोह एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखण्ड प्रदेश यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने युवाओं एवं मज़दूरों से आम संवाद किया। बैठक की अगुवाई झारखण्ड प्रदेश यूथ इंटक के सचिव सुरेश सवैया ने की।

बैठक में मुख्य रूप से गुआ क्षेत्र के अधिकतम युवाओं को स्थानीय स्तर पर मज़दूरी एवं रोज़गार उपलब्ध कराने, मज़दूर वर्ग के युवाओं को कैसे सशक्त बनाया जाए ताकि उन्हें बेहतर रोज़गार के अवसर मिल सकें, इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जब युवा सशक्त होंगे तभी वे देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे, जिससे समाज में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव आएगा।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, रोजगार, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि गुवासाई गांव को गुवा सेल प्रबंधन द्वारा गोद लिए जाने के बावजूद आज भी कई बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही गुवासाई गांव के ग्रामीणों के साथ एक विशाल बैठक आयोजित कर समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और सेल प्रबंधन से वार्ता कर समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

सत्यम सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो यूथ इंटक चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर आंदोलन करने को बाध्य होगा। कार्यक्रम को प्रदेश सचिव सुरेश सवैया एवं गुवासाई ग्राम के सहायक मुंडा लंका पूर्ति ने भी संबोधित किया और समस्याओं के समाधान हेतु रणनीति बनाने पर जोर दिया।
बैठक में इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के साथ मानकी सुरेश चाम्पिया,कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी, पंचायत समिति सदस्य भादो टोप्पो, विजय कुमार दास, प्रवीण नाग, भरत पूर्ति, मो. सोनू, संदीप होरो, जगदीश दास, दुबराज पूर्ति, गांव के देउरी सुशील पूर्ति, सहायक मुंडा लंका पूर्ति, दिलबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम में स्वागत गुवासाई ग्राम के देउरी सुशील पूर्ति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एवं मंच संचालन विजय कुमार दास ने किया।झिंकपानी से बिपिन बिरुली एवं शशी मुंडा, खुटपानी से रेंगो पूर्ति एवं मांझी होनहांगा, मंझारी से संजीत बिरुवा, तांतनगर से रुपेश पूर्ति तथा चक्रधरपुर से नव प्रधान भी उपस्थित रहे।
