@ जयपुर राजस्थान :-
राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय (सूचना केन्द्र) में आयोजित जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी एवं जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित द्वारा किया गया। प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ ही जिले के विकास को प्रदर्शित करने वाली तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। यह प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक चलेगी ।

प्रदर्शनी में राज्य और केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और कृषि क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास को प्रदर्शित किया गया। ‘बदलता राजस्थान’ और ‘विकसित भारत’ की तस्वीर विद्यार्थियों और आमजन के लिए एक जीवंत अनुभव के रूप में सामने आई।
किसान आयोग अध्यक्ष व जिला कलक्टर ने उद्घाटन के पश्चात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया।
विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का समग्र प्रदर्शन —
जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी विषयवस्तु एवं संपूर्ण व्यवस्था की सराहना भी की। जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” की भावना को प्रतिबिंबित करती इस प्रदर्शनी को राज्य सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों का सशक्त प्रस्तुतीकरण है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं से व्यापक रूप से अवगत कराते हुए अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए, जिससे विकसित राजस्थान–2047 के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में प्रभावी प्रगति हो सके।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा बहुविभागीय विकास कार्यों की प्रस्तुति —
सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, जल संसाधन, पीएचईडी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, श्रम, ऊर्जा, खान एवं भू-विज्ञान, सार्वजनिक निर्माण, स्वायत्त शासन, नगरीय विकास, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, उच्च शिक्षा, उद्योग एवं वाणिज्य, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, वन, पर्यटन सहित अन्य विभागों के विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया
जिला विकास पुस्तिका का विमोचन —
इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में मुख्य अतिथि किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी व जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष ने कहा कि ‘जिला विकास पुस्तिका’ में जिले में हुए सभी विकास कार्यों, नवाचारों और आगामी योजनाओं का समग्र विवरण शामिल है। यह पुस्तिका आमजन को सरकार की गतिविधियों और योजनाओं से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी।
प्रदर्शनी और विमोचन समारोह ने जिले के नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विकास की उपलब्धियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह आयोजन न केवल जिले के विकास की तस्वीर पेश करता है, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम भी बनता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि सभी विभाग परस्पर समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
