@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड :-
रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार शाम गुवा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी की ओर से शाम करीब 4 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया गया।

शोभायात्रा में गाजे-बाजे, भगवा झंडों और आकर्षक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान छऊ नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। विभिन्न अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक और रोमांचक करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। यह शोभायात्रा गुवा रामनगर स्थित राम मंदिर में आकर एकत्रित हुई। वहीं कल्याण नगर, हिरजीहाटिंग, कैलाश नगर, बिरसानगर और गुवा बाजार से निकली शोभायात्राएं भी यहां पहुंचीं।
इसके बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी अखाड़ा के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिसे देखकर दर्शक उत्साहित हो उठे। शोभायात्रा के स्वागत में विभिन्न समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह शरबत का वितरण किया गया। समाजसेवी शत्रुघ्न मिश्रा के द्वारा राम मंदिर मुख्य सड़क पर शरबत, पानी, टोपी, गमछा, अंगवस्त्र और भगवा झंडा वितरित किया गया।हर साल की तरह इस साल भी गुवा राम मंदिर प्रांगण में

101 पट्ट जय श्री राम, 201 टोपी,101 झण्डे,501 गमछे, मिष्ठान और शरबत का वितरणसमाजसेवी सह प्रबंध निदेशक साई इंटरप्राइजेज,गुआ शत्रुघ्न मिश्रा के द्वारा किया गया। इस आयोजन में करीब 2000 रामसेवकों की भागीदारी रही। शोभायात्रा रामनगर, रेलवे मार्केट, विवेक नगर, कच्छी धौड़ा और कल्याण नगर क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में “जय श्री राम” के जयकारों से गुवा गुंजायमान हो उठा। शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह जवानों की तैनाती की गई थी, जिससे शोभायात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

