RBI की राहत से रुपये को मजबूती, डॉलर के मुकाबले 50 पैसे उछला

@ नई दिल्ली :-

भारतीय रुपये ने शुक्रवार को विदेशी मुद्रा बाजार में शानदार वापसी करते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 50 पैसे की मजबूती दर्ज की। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा विदेशी निवेशकों के लिए कई अहम रियायतों की घोषणा के बाद रुपया 95.24 प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गया। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.72 पर खुला और कारोबार के दौरान 95.24 तक मजबूत हुआ। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में भारतीय मुद्रा 95.74 प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए बताया कि मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का निर्णय लिया है। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपनी न्यूट्रल नीति का रुख भी बरकरार रखा है।

RBI ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों , अनिवासी भारतीयों और ओवरसीज सिटिजन्स ऑफ इंडिया के लिए निवेश संबंधी नियमों में महत्वपूर्ण ढील दी है। इनमें इक्विटी निवेश सीमा में बढ़ोतरी, सरकारी प्रतिभूतियों में एफपीआई निवेश नियमों को आसान बनाना, फुली एक्सेसिबल रूट का विस्तार तथा एफसीएनआर (बी) जमा और विदेशी मुद्रा स्वैप सुविधाओं में रियायतें शामिल हैं।

गवर्नर मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि RBI की विनिमय दर नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और केंद्रीय बैंक रुपये के लिए किसी निश्चित स्तर या दायरे को लक्ष्य नहीं बनाता। उन्होंने कहा कि नए कदमों से विदेशी पूंजी प्रवाह को बढ़ावा मिलेगा, निवेशकों का विश्वास मजबूत होगा और भारतीय मुद्रा को स्थिरता प्राप्त होगी।

हालांकि RBI ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 6.9 प्रतिशत से घटाकर 6.6 प्रतिशत कर दिया है, जबकि खुदरा महंगाई (सीपीआई) का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत किया गया है। केंद्रीय बैंक ने वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को जोखिम बताया, लेकिन 682 अरब डॉलर के मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार को भारतीय अर्थव्यवस्था की बड़ी ताकत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...