@ नई दिल्ली :-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से भेंट की। रक्षा मंत्री ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे मानव अंतरिक्ष उड़ान की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
राजनाथ सिंह ने पृथ्वी की कक्षा में किए गए महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग के माध्यम से शुभांशु शुक्ला के योगदान को स्वीकार करते हुए भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान और अन्वेषण क्षमताओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
रक्षा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अन्वेषण में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
शुभांशु शुक्ला से बातचीत के बाद एक्स पर अपनी पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने ग्रुप कैप्टन शुक्ला के साथ प्रेरणादायक अंतरिक्ष यात्रा, पृथ्वी की कक्षा में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण प्रयोगों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति और भारत के अग्रणी गगनयान मिशन के साथ-साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।

