RML अस्पताल के 666 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फायर सेफ्टी क्लीयरेंस मिला 

@ नई दिल्ली :-

राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के 666 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फायर सेफ्टी क्लीयरेंस मिल गया है। इस मंजूरी के बाद अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस इस ब्लॉक को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

करीब 482 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 11 मंजिला इस ब्लॉक के पूरी तरह चालू होने पर अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,538 से बढ़कर 2,204 हो जाएगी। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

नए ब्लॉक में 18 ऑपरेशन थिएटर, 99 आईसीयू बेड, 196 हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) बेड और तीन कैथेटराइजेशन लैब होंगी। इसके अलावा, यहां कैंसर, कैंसर सर्जरी, लिवर और पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों के इलाज की विशेष व्यवस्था की जाएगी। ब्लॉक में लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

कैंसर के उपचार के लिए दो लीनियर एक्सीलरेटर और PET स्कैन से सुसज्जित न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग भी बनाया गया है। इन सुविधाओं से मरीजों को जटिल बीमारियों के लिए उन्नत जांच और उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को आरएमएल अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। इस दौरान मरीज-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।

नए ब्लॉक के शुरू होने से दिल्ली के साथ आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। बढ़ी हुई बेड क्षमता और विशेष उपचार सुविधाओं से अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम करने तथा प्रतीक्षा समय घटाने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...