@ पटना बिहार
पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक कार्यकाल के दौरान देश में हुए विकास और विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलावों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना रहा। बिहार सरकार के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा स्मरण’ में संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देने की योजना है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान देश में हुए विकास और व्यापक बदलावों पर आधारित संगीतमय नाट्य का मंचन किया गया। इसमें आवास, खाद्यान्न, शौचालय, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और सड़क जैसी विभिन्न योजनाओं एवं क्षेत्रों में हुए कार्यों को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनः स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है और आमजन को त्वरित न्याय तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विकास के साथ बिहार की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को मजबूत करने पर भी बल दिया।
