शहडोल जिले मे बड़ी बहन के सफल उपचार ने छोटे भाई के बेहतर भविष्य की जगाई उम्मीद

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

एक बच्चे के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव पूरे परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन सकता है। शहडोल जिले के सिंहपुर निवासी एक परिवार की कहानी इसका उदाहरण है। परिवार की बड़ी बेटी के सफल कॉक्लियर इम्प्लांट उपचार ने न केवल उसे सामान्य जीवन की ओर आगे बढ़ने का अवसर दिया, बल्कि उसके छोटे भाई मोहम्मद हुसैन के बेहतर भविष्य की राह भी आसान कर दी।

परिवार की बड़ी बेटी जन्मजात श्रवण बाधिता से ग्रसित थी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) एवं जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) के माध्यम से उसकी जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी कर कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन कराया गया। उपचार के बाद बच्ची के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया। आज वह सुन और बोल पा रही है तथा सामान्य बच्चों की तरह स्कूल जा रही है। पढ़ाई में भी वह अच्छी प्रगति कर रही है। उसके शिक्षक भी उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों और व्यवहार में आए सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हैं। बेटी को सामान्य जीवन की ओर बढ़ते देखकर माता-पिता का विश्वास स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति मजबूत हुआ। इसी अनुभव ने उन्हें दूसरे बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर भी समय रहते सजग रहने की प्रेरणा दी।

तीन माह की उम्र में हुई श्रवण बाधिता की पहचान

परिवार में दूसरे बच्चे के रूप में मोहम्मद हुसैन के जन्म के बाद माता-पिता ने उसकी श्रवण क्षमता की जांच कराने में देरी नहीं की। मात्र तीन माह की उम्र में उसकी प्रारंभिक जांच कराई गई। इसके बाद विस्तृत श्रवण परीक्षण एवं बीईआरए (BERA) जांच में जन्मजात श्रवण बाधिता की पुष्टि हुई। बड़ी बेटी का उपचार पहले ही जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के माध्यम से हो चुका था, इसलिए परिवार को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ा। वे सीधे जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र, शहडोल पहुंचे। यहां विशेषज्ञों ने माता-पिता को समय पर पहचान, उचित उपचार और नियमित ऑडिटरी वर्बल थेरेपी के महत्व की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि कॉक्लियर इम्प्लांट के बाद नियमित थेरेपी से बच्चे के सुनने, भाषा समझने और बोलने के विकास में मदद मिलती है।

चिकित्सकीय सलाह के अनुसार मोहम्मद हुसैन को लगभग छह माह तक हियरिंग एड (कान की मशीन) का उपयोग कराया गया। अब मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के अंतर्गत उसके कॉक्लियर इम्प्लांट एवं आगे की आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया है।

6 लाख 50 हजार रुपये की सहायता से होगा उपचार

मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के अंतर्गत मोहम्मद हुसैन के उपचार के लिए कुल 6 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता निर्धारित की गई है। इसमें कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये, ऑडिटरी वर्बल थेरेपी (AVT) के लिए 1 लाख 28 हजार रुपये तथा बच्चे और उसके माता-पिता के आवागमन के लिए 2 हजार रुपये की राशि शामिल है। इस सहायता से बच्चे की सर्जरी के साथ ही डिवाइस की मैपिंग, हियरिंग चैनल्स की प्रोग्रामिंग तथा श्रवण एवं भाषा विकास के लिए आवश्यक थेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चे को ध्वनियों की पहचान करने, सुनने, समझने और धीरे-धीरे बोलना सीखने में सहायता प्रदान करना है।

कलेक्टर पार्थ जायसवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के विशेष सहयोग से मोहम्मद हुसैन को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया है। अब उसका आगामी उपचार भोपाल स्थित हजेला हॉस्पिटल में कराया जाएगा।

यह कहानी बताती है कि समय पर जांच, सही मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं का लाभ बच्चों के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है। बड़ी बहन के सफल उपचार से मिली उम्मीद अब छोटे भाई के बेहतर भविष्य का आधार बन रही है। समय पर पहचान, सही उपचार और बेहतर भविष्य की दिशा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की यह पहल एक परिवार के लिए खुशियों की नई उम्मीद लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...