@ नोएडा उत्तरप्रदेश :-
शनिवार को अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस के अवसर पर नोएडा में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और निर्णायक नेतृत्व के कारण गौतमबुद्ध नगर देश और दुनिया के निवेशकों के लिए एक प्रमुख निवेश गंतव्य बनकर उभरा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों में ₹2,479 करोड़ की लागत से तैयार 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सहित विभिन्न आधारभूत संरचना, शहरी विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, चेक एवं प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किए। उन्होंने MSME क्षेत्र को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योग, व्यापार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में उद्योग जगत, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया।
