@ पटना बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की समग्र समृद्धि को गति प्रदान करने एवं राज्य को विकसित राज्यों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ शुरू हुई ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवें चरण के अंतर्गत कैमूर एवं रोहतास जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कैमूर में 162 करोड़ रु॰ की लागत की 161 योजनाओं का उद्घाटन एवं 47 करोड़ रु॰ की लागत की 43 योजनाओं का शिलान्यास किया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय एवं निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया।
वहीं रोहतास जिले में मुख्यमंत्री ने 321 करोड़ रु॰ की लागत की 129 योजनाओं का शिलान्यास तथा 159 करोड़ रु॰ की लागत की 179 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कैमूर एवं रोहतास में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे। इसके अतिरिक्त दोनों जिलों में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित भी किया।


