उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 9 राज्यों के 32 टूर ऑपरेटरों ने किया माणा गांव और बदरीनाथ धाम का भ्रमण

@ नई दिल्ली :-

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय और उत्तराखंड वेकेशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 से 15 नवंबर 2026 तक विशेष शैक्षिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटरों को भारत के प्रथम गांव माणा सहित बदरीनाथ धाम और उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया।

इस चार दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम में 9 राज्यों के कुल 32 ट्रैवल ट्रेड प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने बदरीनाथ धाम के दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इसके साथ ही उन्होंने ऋषिकेश, मां धारी देवी मंदिर, ज्योतिर्मठ और माणा गांव का भ्रमण कर उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को करीब से जाना।

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटन व्यवसायियों को उत्तराखंड के विविध पर्यटन आकर्षणों से परिचित कराना और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करना था। इसके माध्यम से टूर ऑपरेटरों को राज्य के धार्मिक पर्यटन, आध्यात्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी गई, ताकि वे अपने-अपने राज्यों में उत्तराखंड को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रचारित कर सकें।

इस पहल में विशेष रूप से माणा गांव को केंद्र में रखा गया, जिसे भारत के प्रथम गांव के रूप में पहचान मिली है। माणा गांव को केंद्र सरकार के वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के तहत पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के शैक्षिक एवं अनुभवात्मक पर्यटन कार्यक्रमों से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही पर्यटन कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और राज्य में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के नए अवसर विकसित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...