वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज, 30 किमी के दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर रोक

@ लख़नऊ उत्तरप्रदेश :-

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और जनसुविधाओं से जुड़े इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

एयर शो में 20 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए नमो घाट समेत अन्य घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी की जाएगी।

एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए आयोजन स्थल के 30 किलोमीटर के दायरे में मीट, मछली और पोल्ट्री की दुकानों तथा पशु-पक्षियों के कटान पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

इसका उद्देश्य विमानों के पक्षियों से टकराने की आशंका को कम करना है। नगर आयुक्त के निर्देश पर पशु चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। प्रतिबंध के दायरे में आने वाले दुकानदारों को व्यक्तिगत रूप से नोटिस दिए जा रहे हैं, ताकि निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

वहीं, गंगा का जलस्तर घटने के साथ घाटों पर जमा सिल्ट हटाने का काम भी तेज कर दिया गया है। नगर निगम की कोशिश है कि एयर शो से पहले घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण का काम पूरा कर लिया जाए।

नगर निगम के अनुसार, आयोजन को व्यवस्थित बनाने और आगंतुकों को असुविधा से बचाने के लिए संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं। निर्धारित तारीखों से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...