@ वसुंधरा उत्तरप्रदेश :-
उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली-एनसीआर की टीम ने अध्यक्ष अमरचंद के नेतृत्व में वरिष्ठ पत्रकार चारु तिवारी से उनके वसुंधरा स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उनका हालचाल जाना और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। संगठन के सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पत्रकार साथियों की ओर से एक सराहनीय पहल के तहत एकत्रित की गई 11 हजार रुपये की सहयोग राशि अध्यक्ष के नेतृत्व में चारु तिवारी के पेंशन खाते में स्थानांतरित की गई। इस सहयोग के लिए चारु तिवारी ने संगठन के सभी पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

चारु तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार संगठनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कठिन परिस्थितियों में संगठन और अपने साथी ही सबसे अधिक काम आते हैं। उन्होंने उत्तराखंड मीडिया संगठन को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि संगठन भविष्य में भी सुख-दुख की घड़ी में पत्रकारों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने संगठन को अपना पूर्ण सहयोग और समर्थन देने की बात भी कही।
महासचिव राजेश डंडरियाल, सचिव दीप सिलोड़ी के अनुसार, चारु तिवारी की तबीयत में फिलहाल कुछ सुधार है, हालांकि उनका बड़ा ऑपरेशन होना अभी बाकी है। उनके लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं। पत्रकार साथियों ने उम्मीद जताई कि वह इस कठिन दौर से उबरकर जल्द स्वस्थ होंगे और एक बार फिर अपनी बुलंद आवाज के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय होंगे।
उत्तराखंड मीडिया संगठन ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है और आगे भी सहयोग करता रहेगा। इस दौरान अध्यक्ष अमरचंद के साथ महासचिव राजेश डंडरियाल, सचिव दीप सिलोड़ी और मीडिया प्रभारी सतेंद्र नेगी मौजूद रहे।
