@ टिहरी उत्तराखंड :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) द्वारा टिहरी झील के रमणीक परिवेश में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस जल क्रीड़ा प्रतियोगिता (AIPWSC) 2025–26 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर शत्रुजीत कपूर, आईपीएस, महानिदेशक, ITBP मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में टिहरी के माननीय विधायक किशोर उपाध्याय, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, पुलिस एवं सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समारोह के प्रारंभ में मनु महाराज, महानिरीक्षक (नॉर्दर्न फ्रंटियर), ITBP ने स्वागत भाषण दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शत्रुजीत कपूर ने प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाते हैं, बल्कि विभिन्न पुलिस बलों के बीच समन्वय एवं सौहार्द को भी सुदृढ़ करते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान कैनोइंग, कायकिंग एवं रोइंग स्पर्धाओं में प्रतिभागियों के बीच उत्साहपूर्ण प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
ITBP की महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त कर जल क्रीड़ा क्षेत्र में बल की सशक्त उपस्थिति को दर्शाया।

पुरुष वर्ग की स्पर्धाओं में बीएसएफ ने कैनोइंग एवं कायकिंग में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, जबकि रोइंग में असम राइफल्स विजेता रही। उत्तर प्रदेश पुलिस एवं ITBP ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को उच्च स्तर प्रदान किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफियाँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण अखिल भारतीय पुलिस जल क्रीड़ा प्रतियोगिता के ध्वज का औपचारिक हस्तांतरण रहा, जिसमें अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि द्वारा ध्वज महानिदेशक, ITBP को सौंपा गया। इस अवसर पर महानिदेशक ने अगले आयोजन तक इस ध्वज की गरिमा बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

देवभूमि उत्तराखंड की टिहरी झील में आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए कौशल, सहनशक्ति एवं टीम भावना प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुई। यह आयोजन गर्व, एकता एवं उत्कृष्टता के प्रति नव संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ।
