आपदा प्रबंधन दिवस पर उत्तराखण्ड के सभी 13 जिलों में राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित

@ देहरादून उत्तराखंड :-

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित किए जा रहे आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखण्ड में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राज्यव्यापी इस अभ्यास में राज्य स्तर के साथ ही सभी 13 जनपदों तथा तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने प्रतिभाग किया।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने यह संदेश दिया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में यदि सभी एजेंसियां एकजुट होकर स्पष्ट रणनीति और समन्वय के साथ कार्य करें तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का अवसर है। मॉक अभ्यास इसी उद्देश्य को धरातल पर परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे यह पता चलता है कि हमारी व्यवस्थाएं वास्तविक आपदा की स्थिति में कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं।
आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि) रघुवीर सिंह भण्डारी, सचिव विनोद कुमार सुमन,
अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, कमाण्डेंट एसडीआरएफ अजय गणपति, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।
मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां कार्यरत अधिकारियों एवं कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसओपी के माध्यम से उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को और अधिक स्पष्ट एवं व्यवस्थित किया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्यभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जबकि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान कुल 1,200 स्थानों पर मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही 3,000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को आपदा से बचाव, तैयारी एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
मंत्री मदन कौशिक ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग तथा भूकम्प पूर्व चेतावनी प्रणाली से संबंधित उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं आपदा के दौरान उनके उपयोग के संबंध में जानकारी ली तथा आधुनिक तकनीक और उपकरणों के माध्यम से राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया। चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान राज्यभर में विभिन्न आपदा परिदृश्यों को आधार बनाकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। भूकंप के परिदृश्य में भवनों के क्षतिग्रस्त होने, लोगों के मलबे में फंसे होने तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।
इसके साथ ही नदी में डूबने, सड़क दुर्घटना तथा सुरंग एवं निर्माण स्थल पर दुर्घटना जैसे परिदृश्यों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़, बिजली गिरने से जनहानि, बांध अथवा जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने तथा आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने जैसे परिदृश्यों पर भी संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया एवं तैयारियों को परखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...