तेलंगाना मे एमएलसी के. कविता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी अध्यक्ष केसीआर ने निलंबित किया

@ हैदराबाद तेलंगाना :-

तेलंगाना मे भारत राष्ट्र समिति एमएलसी के. कविता को उनके पिता और पार्टी अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए BRS से निलंबित कर दिया। मंगलवार को एक बयान में भारत राष्ट्र समिति के महासचिव टी. अरविंद राव और सोमू भारत कुमार ने कहा कि KCR ने कविता को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित करने का फैसला किया है।

BRS नेतृत्व ने कविता के हालिया कार्यों और उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों से पार्टी को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री KCR ने सोमवार से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकों के बाद यह फैसला लिया। इससे पहले कविता ने अपने चचेरे भाई और पूर्व मंत्री टी. हरीश राव और दो पूर्व सांसदों पर खुला हमला बोला था।

अमेरिका से लौटने के कुछ ही घंटों बाद कविता ने हरीश राव उनके एक अन्य चचेरे भाई और पूर्व सांसद जे. संतोष कुमार और पूर्व राज्यसभा सदस्य मेघा कृष्ण रेड्डी पर KCR की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उनकी यह टिप्पणी मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा कालेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं से संबंधित मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद आई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि KCR के आस-पास मौजूद रहने वाले लोगों की गलत गतिविधियों ने उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल किया और उनके खिलाफ सीबीआई जांच का कारण बना। उन्होंने पूछा क्या पांच साल तक सिंचाई मंत्री रहे हरीश राव की इसमें कोई बड़ी भूमिका नहीं है?

कविता ने दोहराया कि उन्होंने पार्टी के भीतर हरीश राव और संतोष कुमार की सभी साजिशों को सहन किया और उनके व्यक्तिगत हमलों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि KCR की बेटी होने के नाते उन्हें इस बात का दुख है कि उन्हें सीबीआई जांच का सामना करना पड़ा।

कविता के खिलाफ यह कार्रवाई KCR को लिखे गए उनके एक आंतरिक पत्र के लीक होने के तीन महीने बाद हुई। उन्होंने इस लीक के लिए KCR के आस-पास के लोगों को जिम्मेदार ठहराया था। कविता ने टिप्पणी की थी कि KCR एक ऐसे भगवान हैं जो शैतानों से घिरे हुए हैं।

उन्होंने 2019 के चुनावों में निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र में अपनी हार के लिए पार्टी नेताओं के एक वर्ग को भी जिम्मेदार ठहराया था।पिछले तीन महीनों से वह तेलंगाना जागृति नामक एक सांस्कृतिक संगठन के बैनर तले विभिन्न मुद्दों पर विरोध कार्यक्रम आयोजित कर रही थीं जिसकी वह प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...