केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय का दौरा किया

@ नई दिल्ली :-

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने माउंट आबू का एक दिवसीय दौरा कर समग्र स्वास्थ्य और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।

जाधव ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा “मन-शरीर चिकित्सा: स्व-देखभाल माध्यम से स्वास्थ्य सेवा नेतृत्व” पर ज्ञान सरोवर में आयोजित 51वें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया । जाधव ने अपने संबोधन में, ध्यान, आंतरिक शक्ति और समग्र जीवन के संदेश के प्रसार में ब्रह्माकुमारीज़ के दशकों के योगदान का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि स्व-देखभाल पर ब्रह्माकुमारीज़ का ज़ोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के पूर्णतया अनुरूप है, जो आधुनिक स्वास्थ्य सेवा को भारत की आध्यात्मिक विरासत के साथ समेकित करने के पक्षधर हैं। जाधव ने कहा कि भारत के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति के साथ ही ये पहल रेखांकित करती हैं कि सच्चा स्वास्थ्य मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करना है।

जाधव ने ज्ञान सरोवर में ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी के साथ सार्थक चर्चा भी की। उन्होंने विश्वव्यापी मान्यता प्राप्त अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तरह ही समर्पित “ध्यान दिवस” ​​मनाने के उनके प्रस्ताव की सराहना की और इस पर अपना समर्थन व्यक्त किया।

जाधव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा में, कहा कि राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (एनएमपीबी) ब्रह्माकुमारीज के कृषि प्रभाग के नेतृत्व में वृक्षारोपण पहल का समर्थन करेगा, जिससे समग्र स्वास्थ्य प्रचलन में औषधीय और आध्यात्मिक पौधों के उपयोग को बढ़ावा मिले।

जाधव ने ब्रह्माकुमारीज़ के कई प्रमुख संस्थानों का भ्रमण किया, जिनमें शांति स्तंभ, ग्लोबल हॉस्पिटल, पांडव भवन और कला दीर्घ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये स्थान सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति का संचार करते हैं, जिससे वहां आने वालों को गहन आंतरिक शांति और भावनात्मक संतुलन का अनुभव होता है।

जाधव ने एक ध्यान सत्र में भी भाग लिया, और इसे आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बताया। उन्होंने ज़ोर दिया कि ऐसे अनुभव आंतरिक शक्ति को बढ़ाते हैं, मानसिक एकाग्रता को प्रखर बनाते हैं और अधिक संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने के मार्गदर्शक प्रकाशपुंज का काम करते हैं।

       

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...