मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का जीवंत उदाहरण है भारत विकास परिषद: नायब सिंह सैनी

@ चंडीगढ़ हरियाणा :-

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पठानकोट के छतवाल में भारत विकास परिषद उत्तर क्षेत्र–1 के क्षेत्रीय कार्यालय एवं आरोग्य केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए परिषद को 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का जीवंत उदाहरण है। परिषद सेवा, संस्कार और समर्पण के मूल मंत्र के साथ समाज को जोड़ने तथा राष्ट्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, संस्कारित और सेवाभावी नागरिकों में निहित होती है। सामाजिक संस्थाएं समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद जैसी संस्थाएं समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। क्षेत्रीय कार्यालय और आरोग्य केंद्र की स्थापना से संस्था की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों को स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान कर रही है, ताकि प्रतिभाशाली युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के तहत आगे बढ़ने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में प्रदेश की सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को राहत देने के लिए निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा, बच्चों की शैक्षणिक क्षमता को निखारने के उद्देश्य से मिशन बुनियाद तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने के भारत विकास परिषद के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...