चिट्टे के खिलाफ अभियान को बनाया जाएगा जन आन्दोलन : मुख्यमंत्री

@ शिमला हिमाचल :-

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ अभियान को जन आन्दोलन बनाया जाएगा। इस आन्दोलन में प्रदेश के हर व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करना अत्यन्त आवश्यक है। वह 15 नवम्बर, 2025 को शिमला में आयोजित की जाने वाली एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों के लिए आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वॉकथॉन में हिस्सा लेने के लिए ‘बार कोड’ स्कैन से पंजीकरण किया जा सकता है। वॉकथॉन के दौरान रिज से चौड़ा मैदान तक विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन में युवा, छात्र और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग हिस्सा लेंगे।
सुक्खू ने सम्बन्धित विभागों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए तत्परता के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिट्टा के खिलाफ 15 नवम्बर से आरम्भ होने वाला यह अभियान आगामी तीन माह तक चलेगा।
यह चिट्टा के खिलाफ प्रदेश सरकार की निर्णायक लड़ाई होगी। चिट्टा के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा क्योंकि प्रदेश सरकार चिट्टा के समूल नाश के लिए वचनबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय एंटी चिट्टा वॉकथॉन के पश्चात् जिला स्तर और उप-मंडल स्तर पर भी चिट्टा के खिलाफ विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में मंत्रिमंडल के सदस्य, सभी विधायक और समाज के गणमान्य व्यक्ति हिस्सा लेंगे। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने वॉकथॉन के आयोजन को लेकर तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, ओएसडी गोपाल शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शिमला में उपस्थित थे जबकि विभिन्न जिलांे के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...