@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन क्षेत्र स्थित एक सोलर पैनल फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से बिहार के 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायल मजदूरों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।

राज्यसभा के पूर्व सांसद राजनीति प्रसाद के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय राजनीति प्रसाद एक अनुभवी राजनेता और समाज के लिए समर्पित व्यक्ति थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने विभागीय योजनाओं की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उद्योग जगत के 14 प्रमुख प्रतिनिधियों एवं स्टार्टअप संस्थापकों के साथ बैठक हुई। बैठक में निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने और औद्योगिक विकास को गति देने पर जोर दिया गया।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी. के. अनिल ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की। बैठक में म्यूटेशन, ई-मापी, बसेरा-2 और सरकारी भूमि सत्यापन जैसे विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

डेयरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संयुक्त सचिव रवि शंकर प्रसाद और एनआईसी के डीडीजी मुत्थू कुमारन ने स्मार्ट पीडीएस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लाभार्थियों को पारदर्शी और बेहतर सेवा देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि, प्रभावी ढंग से कार्यों को लागू किया जाए। सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाएं और उन्हें समय पर पूरा करें।