@ पीपलकोटी उत्तराखंड :-
विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) की टीबीएम साइट पर 30.12.2025 की रात्रि को घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना को THDC India Limited द्वारा अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। उक्त घटना के संबंध में जिलाधिकारी, चमोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, चमोली द्वारा संयुक्त रूप से दिनांक 31.12.2025 को घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना के कारणों की जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी, चमोली द्वारा प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

THDC India Limited द्वारा जांच प्रक्रिया में सभी आवश्यक जानकारियाँ, तकनीकी विवरण आदि हेतु पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि तथ्यों के आधार पर टीबीएम साइट पर संचालित मोनोरेल प्रणाली का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
परियोजना प्रमुख श्री अजय वर्मा द्वारा कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों, वैधानिक प्रावधानों एवं मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के उपरांत परियोजना की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना में प्रभावित 76 व्यक्तियों को प्राथमिक जांच एवं उपचार के पश्चात् डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पाँच कार्मिकों को जिला अस्पताल में समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उनके उपचार एवं कल्याण हेतु THDC India Limited द्वारा पूर्ण प्रबंधन किया जा रहा है।
THDC India Limited के लिए मानव जीवन एवं कार्यस्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संस्था सुरक्षित, जिम्मेदार एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है, तथा सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप परियोजना को समय से पूर्ण कर राष्ट्र को समर्पित करने के लिए कटिबद्ध है।

