@ ग्रेटर नोएडा उत्तरप्रदेश :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के हिमवीर परिवारों के कल्याण हेतु समर्पित हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (HWWA) ने 39वीं वाहिनी ITBP, ग्रेटर नोएडा में अपना 33वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर भारती कपूर, अध्यक्षा, HWWA ने हिमवीर परिवारों के लिए किए जा रहे व्यापक कल्याणकारी कार्यों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बल की विभिन्न संरचनाओं में स्थापित हिमांशी आउटलेट्स एवं बेकर्स शॉप्स के प्रभाव का उल्लेख करते हुए बताया कि इन पहलों के माध्यम से एक ओर सीमावर्ती एवं दूरदराज़ क्षेत्रों के गुणवत्तापूर्ण हस्तशिल्प उत्पाद एवं खाद्य सामग्री हिमवीरों को किफायती दरों पर उपलब्ध हो रही है, वहीं दूसरी ओर रोजगार सृजन, पलायन में कमी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि हावा द्वारा महिलाओं एवं हिमवीर परिवारों के बच्चों के लिए विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे कौशल विकास के साथ-साथ रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो रही है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन रहीं, जिन्होंने हिमवीर परिवारों के महिला सशक्तीकरण हेतु HWWA द्वारा किए जा रहे सतत एवं सार्थक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण विषय पर आधारित HWWA की वार्षिक स्मारिका ‘हिमशिखा’ का भौतिक एवं डिजिटल दोनों स्वरूपों में विमोचन किया गया। स्मारिका में सदस्यों एवं बच्चों के लेख, संपादकीय, कविताएँ तथा वर्षभर की गतिविधियों का समग्र विवरण संकलित किया गया है।
समारोह के प्रमुख आकर्षणों में ITBP महिला पाइप बैंड की प्रभावशाली प्रस्तुति तथा HWWA सदस्यों एवं उनके परिवारजनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे। इस अवसर पर HWWA की वरिष्ठ सदस्याएँ, बल के कार्मिक तथा बड़ी संख्या में उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

