@ नई दिल्ली :-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से शिक्षा, कार्यक्षेत्र और दैनिक जीवन को बदल रहा है। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को एआई तकनीक की जानकारी देने और इसके प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करने की दिशा में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

इसी क्रम में NDMC के अध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी मनोज द्विवेदी ने सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एआई साक्षरता कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के निदेशक (शिक्षा) राकेश दहिया, सीपीआरजी के निदेशक डॉ. रामानंद पांडेय, सीपीआरजी के कार्यक्रम प्रमुख आशीष कुमार, स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी देने के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना है। इसके माध्यम से छात्रों को एआई से जुड़ा ज्ञान, आवश्यक तकनीकी कौशल और नई तकनीकों के साथ काम करने का अनुभव प्रदान किया जाएगा।
यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य की शिक्षा और रोजगार के बदलते अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही उनमें नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
एनडीएमसी की यह पहल युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार बनाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है।
