जनजातीय अंचल के विकास में खेत और किसान की अच्छी सेहत जरूरी : राज्यपाल

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जागरूकता जरूरी है। विकास के लिए खेत और किसान की अच्छी सेहत होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी आनुवांशिक बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करना तथा किसानों को आधुनिक कृषि संसाधनों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

राज्यपाल पटेल अनुसूचित जनजाति उपयोजना के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम एवं कृषि उपकरण एवं बीज वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने इस अवसर पर 300 जनजातीय किसानों को 36 लाख रूपये से अधिक के कृषि उपकरण, बीज एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के सूक्ष्म सिंचाई घटक के हितलाभ किसानों को प्रदान किए। विभिन्न विभागों के हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को अनुदान स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। सिकल सेल से पीड़ित मरीजों से चर्चा कर उनका हालचाल जाना तथा उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने फोलिक एसिड तथा हाइड्रोक्सी यूरिया की दवाओं का नियमित उपयोग किये जाने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल को जानकी डावर ने स्वनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल अनुवांशिक रक्त विकार है, जो लड़के और लड़कियों दोनों में समान रूप से पाया जाता है। इस बीमारी में मरीज के रक्त की लाल कणिकाएं हंसिया के आकार की हो जाती हैं। जल्दी-जल्दी टूटने लगती हैं, जिससे गंभीर एनीमिया, पीलिया तथा तिल्ली के बढ़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ये कणिकाएं शरीर के विभिन्न अंगों में फंसकर घुटनों, हाथ-पैर, सीने और पेट में असहनीय दर्द का कारण बनती हैं।

कई बार ये मस्तिष्क और हृदय में फंसकर लकवा या हृदयाघात जैसी गंभीर स्थितियां उत्पन्न कर सकती हैं, जिससे मरीज की मृत्यु भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी की रोकथाम और उपचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 नवम्बर 2021 को राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ मध्यप्रदेश से किया था। प्रथम चरण में झाबुआ और आलीराजपुर जिलों में पायलट परियोजना के रूप में कार्य प्रारंभ किया गया था। उन्होंने जिले द्वारा स्क्रीनिंग एवं डिजिटल कार्ड वितरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस दिशा में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगे भी जनजातीय समुदाय को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कृषि किट उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे किसानों को उत्पादकता और आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है। जनजातीय महिलाएं भी स्व-सहायता समूह के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक विकास में योगदान कर रही है।        

राज्यपाल ने बीज गोदाम और एकीकृत कृषि इकाई का वर्चुअली लोकार्पण किया

राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, आलीराजपुर में स्थापित एकीकृत कृषि प्रणाली इकाई एवं बीज गोदाम का झाबुआ से वर्चुअली लोकार्पण रिमोट का बटन दबाकर किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद अनिता नागर सिंह चौहान, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर, कुलगुरु राजमाता विजयाराजे कृषि विश्वविद्यालय प्रो ए के शुक्ला, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, जनप्रतिनिधि,  अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

One thought on “जनजातीय अंचल के विकास में खेत और किसान की अच्छी सेहत जरूरी : राज्यपाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...