@ BTC भानू हरियाणा :-
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के हरियाणा पंचकुला (रामगढ़) के पास स्थित बेसिक ट्रेनिंग सेंटर (BTC), भानू में 498वें जनरल ड्यूटी (GD) बैच का भव्य दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में ITBP पश्चिमी कमान के अपर महानिदेशक (ADG) राजेश कुमार, IPS, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 201 नवप्रशिक्षित हिमवीरों एवं हिमवीरांगनाओं ने देश की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ ली। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जवानों ने औपचारिक रूप से बल का हिस्सा बनकर राष्ट्रसेवा के अपने नए सफर की शुरुआत की।
समारोह के दौरान नवप्रशिक्षित जवानों के अनुशासन, कठिन परिश्रम, साहस और प्रशिक्षण के दौरान हासिल की गई दक्षताओं को सराहा गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने जवानों के समर्पण और मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें देश की सीमाओं की सुरक्षा तथा आंतरिक सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने हिमवीरों एवं हिमवीरांगनाओं को बल की गौरवशाली परंपराओं और उच्च व्यावसायिक मानकों को बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह ने नवप्रशिक्षित जवानों के जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नई पहचान बनाई। समारोह का समापन देशसेवा के संकल्प और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।



