गुजरात अहमदाबाद में नवनिर्मित ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘GREMI सिटी कैंपस’ का उद्घाटन हुआ

@ अहमदाबाद  गुजरात :-

गुजरात अहमदाबाद में नवनिर्मित ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ और ‘GREMI सिटी कैंपस’ का केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना देश को तकनीक और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में आगे ले जाना है, जिसे यह परियोजना एक बड़े मील के पत्थर के रूप में आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, उच्च कौशल और उद्यमिता आधारित उद्योगों का विस्तार गुजरात को न्यू-एज टेक्नोलॉजी का नेतृत्वकर्ता बनाएगा।

अमित शाह ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि सरकार रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, एआई, ऑटोमेशन, साइबर सिक्योरिटी, डिफेंस और स्पेस टेक जैसे क्षेत्रों को तेज़ी से बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि 2002 से गुजरात में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को व्यवस्थित रूप दिया गया है। उनके अनुसार, गुजरात ने हर क्षेत्र में मजबूत कदम बढ़ाए हैं और औद्योगिक विकास में देश के शीर्ष राज्यों में अपनी जगह बनाई है।

अमित शाह ने कहा कि अब गुजरात को सेवा क्षेत्र (Service Sector) में भी शीर्ष तीन राज्यों में लाने का लक्ष्य है। इसके लिए अहमदाबाद को बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और गुरुग्राम जैसे शहरों के समकक्ष विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टेक पार्क और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

लगभग 1100 करोड़ रुपए की लागत से विकसित यह टेक पार्क 13.5 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है। इसकी पहली चरण में 9,000 हाई-स्किल प्रोफेशनल्स के लिए आधुनिक कार्य वातावरण उपलब्ध होगा। आने वाले पांच वर्षों में सात चरणों में लगभग 15,000 करोड़ रुपए के निवेश से 63,000 से अधिक हाई-वैल्यू नौकरियों के सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इस परिसर में कमर्शियल स्पेस के साथ-साथ मॉल, होटल और रेजिडेंशियल सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे यह एक पूर्ण विकसित टेक हब बनेगा।

‘GREMI सिटी कैंपस’ के उद्घाटन पर अमित शाह ने कहा कि यह रियल एस्टेट और टाउन प्लानिंग शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जब टाउन प्लानिंग सही नहीं होती, तो शहरों का संतुलित विकास नहीं हो पाता। मोदी सरकार की अर्बन प्लानिंग सुधारों ने इस क्षेत्र में नए युग की शुरुआत की है। यह संस्थान भविष्य में देश के रियल एस्टेट सेक्टर में आधुनिक सोच और कुशल नेतृत्व तैयार करेगा।

अमित शाह ने कहा कि AI और डीप टेक भविष्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत इन उभरते क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं से गुजरात न केवल भारत बल्कि वैश्विक टेक इकोसिस्टम में भी एक मजबूत स्थिति हासिल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...