@ नई दिल्ली :-
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय 21 जून 2026 को सुबह 11:00 बजे से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एक विशेष योग दिवस समारोह का आयोजन करेगा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 के राष्ट्रव्यापी समारोहों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1,500 वरिष्ठ नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।

यह उत्सव अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के राष्ट्रीय विषय – “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है और वरिष्ठ नागरिकों के बीच सक्रिय और स्वस्थ वृद्धावस्था, बेहतर स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रति मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस राष्ट्रीय दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करते हुए, मंत्रालय का यह आयोजन योग को हमारे बुजुर्गों के बीच दीर्घायु, भावनात्मक कल्याण और गरिमापूर्ण वृद्धावस्था को बढ़ावा देने के लिए एक व्यावहारिक और सतत दृष्टिकोण के रूप में प्रोत्साहित करना है।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास और सचेत जीवन, आंतरिक सद्भाव, भावनात्मक कल्याण और स्वस्थ वृद्धावस्था पर केंद्रित आध्यात्मिक प्रवचन शामिल होंगे। देश 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उत्सव की तैयारी कर रहा है ऐसे में मंत्रालय देश भर के वरिष्ठ नागरिकों से एक स्वस्थ और अधिक समावेशी समाज की दिशा में इस सामूहिक आंदोलन में भाग लेने का आह्वान करता है।
वयोयोगसंगम: एक कदम आगे – गरिमा के साथ वृद्धावस्था।
