जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी में 43 आबकारी अधिकारियों का दीक्षांत समारोह सम्पन्न

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

मध्यप्रदेश पुलिस की प्रशिक्षण संस्था जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (जेएनपीए), सागर में जिला आबकारी अधिकारियों एवं आबकारी उप निरीक्षकों के द्वितीय बैच के 43 प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों का दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। दो माह के आधारभूत प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत प्रशिक्षु अधिकारियों ने राष्ट्रसेवा, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

18 मई से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित इस आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आबकारी अधिनियम, विधिक प्रावधानों, अन्वेषण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, फील्ड क्राफ्ट, व्यवहारिक पुलिसिंग तथा व्यावसायिक कौशल से संबंधित विभिन्न विषयों का व्यापक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे अपने दायित्वों का प्रभावी एवं उत्तरदायी ढंग से निर्वहन कर सकें।

दीक्षांत समारोह का आयोजन पुलिस अधीक्षक, जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी प्रतिमा पटेल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक मार्च-पास्ट से हुआ, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन, आत्मविश्वास एवं दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

प्रशिक्षण के दौरान शैक्षणिक, शारीरिक, फायरिंग, परेड एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नीरजा श्रीवास्तव (उपायुक्त, आबकारी उड़न दस्ता, सागर), रमेश चंद्र आर्य (केंद्रीय जेल अधीक्षक, सागर), कीर्ति दुबे (सहायक आबकारी आयुक्त, सागर), दुर्गेश राठौर (पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त) सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, अकादमी के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, अधिकारियों एवं परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। दीक्षांत परेड के उपरांत अकादमी परिसर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं नई जिम्मेदारियों के संकल्प से ओत-प्रोत वातावरण का साक्षी बना। यह दीक्षांत समारोह प्रशिक्षण की उत्कृष्ट परंपरा एवं जनसेवा के प्रति जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी की प्रतिबद्धता का एक और गौरवपूर्ण अध्याय सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...