जूनियर हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप: ओडिशा, पंजाब, झारखंड और मध्य प्रदेश सेमीफाइनल में

@ नई दिल्ली :-

16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 (डिवीजन ‘ए’) के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद ओडिशा, पंजाब, झारखंड और मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने हॉकी हरियाणा को 5-1 से हराया। ओडिशा के लेलसन मिंज ने 15वें, 20वें और 46वें मिनट में गोल कर शानदार हैट्रिक लगाई। वहीं, मंदीप केरकेट्टा और कप्तान दीपक प्रधान ने एक-एक गोल किया। हरियाणा की ओर से प्रिंस ने एकमात्र गोल दागा।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी पंजाब ने हॉकी कर्नाटक को 5-2 से मात दी। पंजाब के लिए अजयपाल सिंह, जरमन सिंह, सनी, अमनदीप और गुरविंदर सिंह ने गोल किए, जबकि कर्नाटक के लिए किरण रेड्डी ने दोनों गोल दागे।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक स्कोर 3-3 की बराबरी पर रहा। इसके बाद शूटआउट में झारखंड ने 4-3 से जीत दर्ज कर अंतिम चार में प्रवेश किया। झारखंड के गोलकीपर साहू प्रिंस ने शूटआउट में शानदार बचाव कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पहले क्वार्टर फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी को 7-3 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। मध्य प्रदेश के लिए सुभान आबिद, राजवीर सिंह और कप्तान रितेंद्र प्रताप सिंह ने दो-दो गोल किए।

7 अगस्त को खेले जाने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में ओडिशा का सामना पंजाब से होगा, जबकि झारखंड की भिड़ंत मध्य प्रदेश से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...