उत्तराखंड में गूँजा “2036 में ओलंपिक हमारा हो” का नारा हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक निकली भव्य संकल्प यात्रा

@ हरिद्वार उत्तराखंड :-

उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में सोमवार को “2036 में ओलंपिक हमारा हो” के संकल्प के साथ एक भव्य संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा हरिद्वार के पवित्र घाट हर की पौड़ी से शुरू होकर ऋषिकेश तक पहुँची। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उत्तराखंड को स्वस्थ व सशक्त बनाना था।

यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति में अपार क्षमता और प्रतिभा है। यदि उन्हें सही समय पर उचित अवसर और मंच दिया जाए, तो भारत वर्ष 2036 में न केवल ओलंपिक की सफल मेजबानी कर सकता है, बल्कि खेल के मैदान में नए कीर्तिमान भी स्थापित कर सकता है।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश मलिक और गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने भी मंत्री रेखा आर्या के साथ सहभागिता की और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

दिनेश मलिक ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और खेल भावना को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना जगाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

वहीं, गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने “नशामुक्त उत्तराखंड, स्वस्थ उत्तराखंड और खेलमय उत्तराखंड” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक निकली इस संकल्प यात्रा ने स्थानीय युवाओं में खेलों के प्रति भारी उत्साह, राष्ट्रभावना और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से “2036 में ओलंपिक हमारा हो” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने और इसे एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में तरुण सिरोही एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...