@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, मध्यप्रदेश डॉ. वरुण कपूर के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश जेल विभाग ने बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं चरित्र निर्माण की दिशा में आध्यात्मिकता को सुधारात्मक सेवाओं से जोड़ते हुए एक अभिनव पहल की थी। इस पहल के अंतर्गत केंद्रीय जेल इंदौर में श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं पर आधारित विशेष आध्यात्मिक एवं सुधारात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका प्रदेश की सभी जेलों में एक साथ लाइव प्रसारण किया गया था।

फरवरी 2026 में आयोजित इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में प्रदेश की विभिन्न जेलों में निरुद्ध 27,733 बंदियों ने एक ही समय में रियल-टाइम सहभागिता की। प्रसिद्ध गीता मर्मज्ञ एवं आध्यात्मिक संत ज्ञानानंद महाराज द्वारा दिए गए आध्यात्मिक प्रवचन सत्र का प्रदेश की सभी जेलों में विशेष लाइव प्रसारण किया गया था।
एक ही समय में इतनी बड़ी संख्या में जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा किसी लाइव आध्यात्मिक एवं सुधारात्मक कार्यक्रम में सहभागिता का यह अनूठा उदाहरण विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज हुआ तथा इसे ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन’ में स्थान दिया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य जेलों में निरुद्ध बंदियों के आध्यात्मिक, मानसिक एवं शारीरिक उत्थान, सकारात्मक सोच के विकास, चरित्र निर्माण तथा उन्हें सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में प्रेरित करना था।
इस पहल के माध्यम से आध्यात्मिक शिक्षा को बंदी सुधार एवं पुनर्वास की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रभावी प्रयास किया गया। एक साथ 27,733 बंदियों की सहभागिता मध्यप्रदेश जेल विभाग के लिए न केवल एक असाधारण एवं ऐतिहासिक उपलब्धि है, बल्कि यह बंदी सुधार की दिशा में विभाग के मानवीय एवं सकारात्मक दृष्टिकोण को भी प्रदर्शित करती है।
