@ नई दिल्ली :-
आगामी फेस्टिव सीजन में बढ़ती ग्राहक मांग को पूरा करने के लिए ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने देशभर में 2.5 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। कंपनी ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि इनमें करीब 75,000 अवसर ऐसे लोगों के लिए हैं, जो पहली बार कार्यबल का हिस्सा बन रहे हैं। यह कुल रोजगार अवसरों का लगभग 30 प्रतिशत है।

कंपनी के अनुसार, भर्ती अभियान देशभर में 7,000 से अधिक Ekart सुविधाओं में चलाया जा रहा है। इनमें फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशन शामिल हैं। नए रोजगार अवसरों में करीब 60 प्रतिशत हिस्सेदारी लास्ट-माइल डिलीवरी की है, जिससे लगभग 1.4 लाख अतिरिक्त अवसर उपलब्ध होंगे।
फ्लिपकार्ट बढ़ती मांग को देखते हुए 900 से अधिक नए फेस्टिव डिलीवरी हब भी जोड़ रही है। इनका प्रमुख उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों में डिलीवरी नेटवर्क मजबूत करने के साथ फ्लिपकार्ट Minutes की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना है।
फ्लिपकार्ट के मुताबिक, उसकी सप्लाई चेन में महिलाओं की भागीदारी अब 20 प्रतिशत से अधिक हो गई है। कंपनी ने कहा कि फेस्टिव सीजन के दौरान मजबूत सप्लाई चेन नेटवर्क के जरिए ग्राहकों की मांग पूरी करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
इस बीच, Amazon India ने भी फेस्टिव सीजन से पहले 1.6 लाख से अधिक मौसमी रोजगार अवसर पैदा किए हैं, जबकि Meesho को अपने सेलर और लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम में 10 लाख से अधिक मौसमी रोजगार अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
