15 दिनों में डायल-112 एवं जिला पुलिस की तत्परता से 23 से अधिक बच्चों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

मध्यप्रदेश पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा, सहायता और मानवीय सरोकारों के प्रति निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विगत 15 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में डायल-112 एवं जिला पुलिस की तत्पर कार्रवाई से 23 से अधिक मासूम बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके माता-पिता एवं परिजनों से मिलाया गया। इनमें घर का रास्ता भटकने, भीड़ में परिजनों से बिछड़ने, खेलते-खेलते गुम होने तथा परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकल जाने जैसी परिस्थितियों में मिले बच्चे शामिल हैं।

डायल-112 की त्वरित प्रतिक्रिया बनी बच्चों की सुरक्षित वापसी का माध्यम

डायल-112 की फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) टीमों ने सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलों में मासूम बच्चों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया और परिजनों से मिलाया। भोपाल में 09 वर्षीय बालक, 12 वर्षीय बालक, 06 वर्षीय बालक, 04 वर्षीय बालक एवं 05 वर्षीय बालक को अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षित परिजनों से मिलाया गया।

मुरैना में 03 वर्षीय बालिका, 06 वर्षीय बालिका तथा 10 वर्षीय बालक सहित अन्य मामलों में भी डायल-112 टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। सीधी में घर की राह भटकी 08 वर्षीय बालिका, रीवा में 07 वर्षीय बालिका, बैतूल में 07 वर्षीय बालक, टीकमगढ़ में खेलते-खेलते गुम हुए 03 वर्षीय बालक तथा सतना में स्कूल जाते समय रास्ता भटके 02 मासूम बच्चों को सुरक्षित उनकी मां/परिजनों से मिलाया गया।

इसी क्रम में शाजापुर में 05 वर्षीय मासूम, विदिशा में 03 वर्षीय बच्चा, गुना में घर से बिना बताए निकले 06 वर्षीय दिव्यांग बालक, पन्ना में 10 वर्षीय बालक, ग्वालियर में 07 वर्षीय बालिका, इंदौर में 05 वर्षीय बालिका तथा छतरपुर में रास्ता भटके 10 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक को भी डायल-112 जवानों ने सकुशल परिजनों तक पहुंचाया।

मुरैना के सदर बाजार में परिजनों से बिछड़ी 03 वर्षीय बालिका को भी डायल-112 टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षित दस्तयाब किया और आसपास तलाश के बाद परिजनों को सुपुर्द किया।

इसके अतिरिक्‍त भोपाल रेलवे स्टेशन पर त्यौहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए चलाए गये विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान 03 वर्षीय बालक को सकुशल परिजनों से मिलाने में सफलता मिली।

हर मासूम की सुरक्षा, मध्यप्रदेश पुलिस की प्राथमिकता

मध्यप्रदेश पुलिस की यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और नागरिकों के प्रति जिम्मेदार भूमिका को रेखांकित करती है। राह भटके अथवा लापता बच्चों की सूचना मिलते ही त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया उनकी सुरक्षित वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस की अपील: माता-पिता एवं अभिभावक छोटे बच्चों पर भीड़भाड़ और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखें। किसी भी आपात स्थिति अथवा बच्चे के गुम होने की स्थिति में बिना विलंब डायल-112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...